_जिले व्याप्त समस्याओं पर ध्यान आकर्षित कर भाजपा के नवीन नेतृत्व दी शुभकामनाएं_
शिवपुरी। कांग्रेस नेता मान सिंह फौजी ने हाल ही में नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव को शुभकामनाएं देते हुए जिले में व्याप्त समस्याओं पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जिले में फैले भ्रष्टाचार और सामाजिक बुराइयों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि शिवपुरी जिला आज कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिन पर तत्काल ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।
मान सिंह फौजी ने कहा कि जिले की जीवनदायिनी नदियों में अवैध रेत उत्खनन धड़ल्ले से जारी है। इसके साथ ही, सट्टा, जुआ और अवैध शराब का कारोबार गांव-गांव तक फैल चुका है। उन्होंने चिंता जताई कि युवाओं में नशीले पदार्थों जैसे गांजा और पाउडर का सेवन तेजी से बढ़ रहा है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा है उन्होंने सरकारी कार्यालयों में फैले भ्रष्टाचार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता को किसी भी सरकारी काम के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। अवैध कॉलोनियों की कटाई और जमीनों पर कब्जा भी एक बड़ी समस्या बन चुकी है।
सत्ताधारी दल का नया नेतृत्व क्या भाजपा के किसानों से किये वादों को धरातल पर आ पाएंगे
मान सिंह फौजी ने जिले के किसानों की समस्याओं पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की और कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी मेहनत का सही सम्मान नहीं हो रहा। उन्होंने बिजली आपूर्ति की खस्ताहाल स्थिति और मंडियों में फैले भ्रष्टाचार व्याप्त है, जहां किसानों को अपनी फसलों को बेचने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। फौजी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, क्योंकि वे देश की रीढ़ हैं, और यदि उन्हें उनका हक नहीं मिला तो कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों ही संकट में आ जाएंगे। उन्होंने जिला प्रशासन और सत्ताधारी भाजपा के नए नेतृत्व से इन मुद्दों पर तत्काल समाधान की मांग की।
कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि क्या भाजपा के नए जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव इन समस्याओं का समाधान निकालने के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वाहन करेंगे, या फिर किसान, समाज और जनकल्याण केवल राजनीतिक मुद्दों तक ही सीमित रहेगा। उन्होंने कहा कि नए जिलाध्यक्ष को इन समस्याओं पर गंभीरता से काम करना चाहिए और जिले को इस बुरी स्थिति से बाहर निकालने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
जनता की उम्मीदें ,आने वाली पीढ़ी का भविष्य हो सुरक्षित
मान सिंह फौजी ने कहा कि इन समस्याओं के कारण न केवल वर्तमान समाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि आने वाली पीढ़ी पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और समाजसेवियों से अपील की कि वे एकजुट होकर शिवपुरी जिले को इन बुराइयों से बचाने के लिए कदम उठाएं। फौजी ने उम्मीद जताई कि भाजपा के नए जिलाध्यक्ष जिले के किसानों के हित मैं और जनकल्याण के लिए काम करेंगे और इन बुनियादी समस्याओं का समाधान निकालने में अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जिले का भविष्य अंधकारमय हो सकता है।
अंत में मान सिंह फौजी ने कहा कि जिले की समस्याओं का समाधान केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे जागरूक बनें और इन मुद्दों के समाधान के लिए आवाज उठाएं।